देवप्रयाग में नकली नोट चलाने वाले गिरोह के सदस्य गिरफ्तार

Spread the love

नई टिहरी। चारधाम यात्रा में नकली नोट की बड़ी खेप चलाने का देवप्रयाग पुलिस ने भांडाफोड़ किया हैं। पुलिस ने यहां दो सौ के नकली नोटो के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दिल्ली पुलिस का एक सिपाही भी शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवप्रयाग के निकट मुल्यागांव में पिछले मंगलवार को श्रीनगर की ओर जाते चार लोगों ने सिगरेट लेने के लिए एक दुकानदार को दो सौ का नोट दिया। साथ ही एक अन्य दुकानदार से भी कुछ सामान लेने पर भी दो सौ का नोट दिया गया। बुधवार शाम वापसी के समय भी इन्हीं चार लोगों ने मुल्यागांव में सिगरेट लेने के लिए दुकानदार को फिर से दो सौ का नोट थमा दिया। इस बीच दोनों दुकानदारों को इन नोटों को लेकर शक होने लगा। जिसके बाद एक दुकानदार ने आगे पाली ढाबे तक चारों का पीछा किया। यहां गिरोह के सदस्य ऐसा ही नोट चलाने के प्रयास में थे। नकली नोट होने का हो हल्ला होने पर चारों भागने लगे। इधर, देवप्रयाग पुलिस ने सूचना मिलते ही तहसील मुख्यालय के निकट एसएसआई अनिरुद्घ मैठाणी की टीम ने कार में फरार होते चार लोगों को धर दबोचा। थाना प्रभारी देवराज शर्मा ने बताया कि गिरोह से दो सौ के चार नकली नोट बरामद किए गए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया की गुड़गाव हरियाणा में नकली नोट प्रिंट कर वह कई शहरों के छोटे दुकानदारों से सामान खरीदते थे। उनकी योजना चारधाम यात्रा में नकली नोटों की बड़ी खेप चलाने की थी। जिसके तहत वह रुद्रप्रयाग तक गए थे। गिरोह में दिल्ली पुलिस का एक सिपाही सचिन पुत्र राजकुमार निवासी छपरा थाना राय जिला सोनीपत भी शामिल मिला। सिपाही सहित गिरोह के सदस्य हितेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी बीपीओ, मोहित रविन्द्र कुमार दोनों निवासी थाना कुंड जिला रेवाड़ी तथा दीपक पुत्र जगदीश सिंह निवासी छपरा बहादुरपुर जिला सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *