मिलिन्द बिष्ट को मिला राष्ट्रीय दायित्व
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। वर्तमान में प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर चल रहे कर्मचारी संघर्ष में पिछले एक वर्ष से नियुक्त प्रदेश संयोजक मिलिन्द बिष्ट को राष्ट्रीय नेतृत्व ने राष्ट्रीय प्रेस सचिव व आईटीसेल प्रभारी नियुक्त किया है। प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर पर पेंशन बहाली के लिए पर पहली बार किसी कर्मचारी नेता को राष्ट्रीय दायित्व दिया गया है।
राष्ट्रीय नेतृत्व का कहना है कि पिछले समय में उत्तराखंड में संयुक्त मोर्चे ने पेंशन बहाली की मांग को मजबूती से सरकार के समक्ष रखा है। जिसमें मिलिन्द बिष्ट ने अहम भूमिका अदा की है। राष्ट्रीय नेतृत्व उनकी कार्यशैली व क्षमता को देखते हुए राष्ट्रीय प्रेस सचिव व राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी का दायित्व सौंप रहा है। पूर्व की भांति श्री बिष्ट इस दायित्व को भी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से निभाएंगे। जिससे पुरानी पेंशन बहाली के संघर्ष में तेजी लाते हुए शीघ्र कर्मचारियों के बुढ़ापे की संजीवनी पुरानी पेंशन को वापस लाया जा सके। उधर मिलिन्द बिष्ट ने राष्ट्रीय नेतृत्व व राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के द्वारा सौंपे गये दायित्व को पूरी जिम्मेदारी व निष्ठा के साथ निभाना एक नई चुनौती है। जिसे पूरा करने के लिए सभी राज्यों के कर्मचारियों व विशेष कर राज्य के समस्त कर्मचारी संगठनों तथा संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड के सभी पदाधिकारियों के सहयोग की आवश्यकता है। मिलिन्द बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में सोए हुए इस आंदोलन को पुनजागृत करना एक बड़ी चुनौती थी, परंतु संयुक्त मोर्चा राजकीय शिक्षक संघ, सचिवालय संघ, कलेक्ट्रेट संघ के माध्यम से इसमें पूर्ण रूप से सफल रहा। मिलिन्द बिष्ट ने विजय गोस्वामी, राजेन्द्र शर्मा, प्रवीण भट्ट, निशा चौहान, रज्जन कफलटिया, दया जोशी, त्रिभुवन बिष्ट, भवान सिंह नेगी, मेहरबान सिंह भण्डारी, सौरभ नौटियाल, मंगल सिंह बिष्ट, देवेंद्र मेहता, महिमन ऐठानी, केसी मिश्रा, अनिल जोशी, प्रान्तीय अध्यक्ष अनिल बडोनी, प्रान्तीय महासचिव सीताराम पोखरियाल, देवेन्द्र बिष्ट, जयदीप रावत, कपिल पांडे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उक्त सभी के अथक प्रयासों से पुरानी पेंशन का संघर्ष निरन्तर आगे बढ़ रहा है।