जिला विकास पर मंथन: प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने दी योजनाओं में गति और पारदर्शिता के निर्देश

Spread the love

देहरादून(। ऋषिपर्णा सभागार में शनिवार को जिला योजना समिति, 20 सूत्री कार्यक्रम और खनिज फाउंडेशन न्यास शासी परिषद की बैठक का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने की। बैठक में जिले के समग्र विकास, योजनाओं की प्रगति और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया।प्रभारी मंत्री ने 40% से कम बजट व्यय करने वाले विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से बचने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और विधायकों को योजनाओं की जानकारी देने पर बल दिया।
बैठक में जिला प्रशासन द्वारा संचालित अभिनव योजनाओं — प्रोजेक्ट उत्कर्ष, नंदा सुनंदा, भिक्षावृत्ति से मुक्ति और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की सराहना की गई। मंत्री ने इन प्रयासों को अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार देने के लिए प्रोत्साहित किया।
खनिज फाउंडेशन न्यास के तहत खनन प्रभावित क्षेत्रों में लंबित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने त्वरित क्रियान्वयन और उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विधायकों से सुझाव लेकर योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने की बात भी कही।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जिला योजना में 9948.10 लाख में से 9324.37 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं, जिनमें से 54.90% व्यय हो चुका है। राज्य योजना में 59.16% और केंद्र पोषित योजनाओं में 82.17% बजट खर्च किया गया है। खनिज फाउंडेशन के तहत 5.42 करोड़ उच्च प्राथमिकता और 2.32 करोड़ अन्य प्राथमिकता वाले कार्यों के लिए निर्धारित हैं।
बैठक में सांसद नरेश बंसल, विधायकगण, जिला स्तरीय अधिकारी और विभागीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने सुझाव साझा किए। प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए निर्देशों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें और जनहित को सर्वोपरि रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *