विधायक मयूख ने प्रदेश सरकार को चेताया
पिथौरागढ़। विधायक मयूख महर ने प्रदेश सरकार को चेताया है। उन्होंने कहा है कि यदि उनके धरने के अनदेखी की गई तो यह जनआंदोलन का रुप ले लेगा। इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी। जिला प्रधान संगठन, आम आदमी पार्टी के साथ ही टैक्सी यूनियन ने उनके धरने को समर्थन का ऐलान किया है। टैक्सी यूनियन ने कहा कि सरकार ने विधायक की जनहित की मांगें नहीं मानी तो वे टैक्सी वाहनों का संचालन बंद कर आंदोलन को उग्र कर देंगे। गुरुवार को लगातार चौथे दिन विधायक महर ने अपने समर्थकों के साथ कलक्ट्रेट में चौथे दिन धरना दिया।इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके धरने को लगातार जनता व जन संगठनों का समर्थन मिल रहा है। ऐसे में सरकार समय पर नहीं जागी तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। कहा कि कभी भी यह धरना जनआंदोलन का रुप ले लेगा। सरकार इस बात को समझे। पिथौरागढ़ से विमान सेवा की बात करने वाली सरकार जनभावनाओं की चिंता नहीं कर रही है। कहा कि पिथौरागढ़ के साथ चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर के सीमा से लगे गांवों के लोग भी यहां उपचार के लिए आते हैं, लेकिन सरकार करोड़ों खर्च कर बनाए गये बेस अस्पताल का पूरी व्यवस्थाओं के साथ संचालन तक नहीं कर पा रही है। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेन्द्र सिंह लुंठी, युकां राष्ट्रीय सचिवाषेंद्र महर, पूर्व नगर अध्यक्ष कांग्रेस पवन पाटनी, भावना नगरकोटी,प्रकाश भंडारी, नितिन सौन, शमशेर महर,राम सिंह बिष्ट, हरीश उपाध्याय, नरेन्द्र सौन सहित कई शामिल रहे।