मोदी शहंशाह, जनता से कट गए हैं : प्रियंका

Spread the love

लखानी (गुजरात)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाई राहुल गांधी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शहजादा तंज पर शनिवार को पलटवार किया। उन्होंने मोदी को शहंशाह बताते हुए कहा कि वह महल में रहते हैं, लेकिन जनता से कटे हुए हैं।
गुजरात के बनासकांठा लोकसभा क्षेत्र के लखानी में एक रैली में प्रियंका ने कहा कि मोदी मेरे भाई को शहजादा कहते हैं। मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि यह शहजादा लोगों की समस्याएं सुनने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4,000 किलोमीटर तक चला। किसानों व मजदूरों से मिले और उनसे पूछा कि उनकी समस्याओं का कैसे समाधान कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने गुरुवार को गुजरात की एक रैली में राहुल पर निशाना साधा था। कहा था कि पाकिस्तान कांग्रेस के शहजादे को भारत का अगला प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्सुक है, क्योंकि देश के दुश्मन एक कमजोर सरकार चाहते हैं। इस पर प्रियंका ने कहा कि शहंशाह नरेंद्र मोदी महलों में रहते हैं। क्या आपने कभी टीवी पर उनका चेहरा देखा है? एक दम साफ सुथरा सफेद कुर्ता, धूल का एक दाग नहीं। एक बाल इधर से उधर नहीं होता है। वह आपकी मेहनत, आपकी खेती को कैसे समझेंगे? आपकी समस्याओं को कैसे समझेंगे कि आप महंगाई के बोझ से दबे हुए हैं?
मोदी ने अधिकारों को कमजोर किया
प्रियंका ने कहा कि भाजपा संविधान को बदलना चाहती है। लोगों के अधिकारों को कम व कमजोर करना चाहती है। पिछले 10 वर्षों में मोदी ने जो सबसे बड़ा काम किया है वह है जनता के अधिकारों को कमजोर करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *