मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्य पालन के लिए किया प्रेरित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। जनाधिकारी मंच सामाजिक संस्था के तत्वाधान में राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में मौलिक अधिकारों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्य पालन के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने मानव अधिकारों के प्रति सचेत रहते हुए वर्तमान में कोरोना संक्रमण के खतरे से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभी तक कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए किसी भी प्रकार की दवाई नहीं बनी है, इसलिए आम जनता को कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए शासन-प्रशासन के द्वारा जारी गाइड लाइनों का पालन करना चाहिए।
आमपड़ाव इंदिरानगर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने जनता को मानव अधिकारों के प्रति विशेष जागरूक व सजग रहने की अपील की। संयुक्त राष्ट्र ने 10 दिसम्बर 1950 में घोषणा कर विश्वभर का ध्यान मानव अधिकारों की ओर आकृष्ट करवाया था। मानव अधिकारों में स्वास्थ्य, आर्थिक, सामाजिक एवं शिक्षा के अधिकार को शामिल किया गया है। मंच के अध्यक्ष आशाराम ने कहा कि कोटद्वार में बढ़ती हुई नशे की प्रवृत्ति ने नई पीढ़ी को खोखला कर दिया है। मानव सेवा को एक व्यापार न बनाकर नि:स्वार्थ गरीब, असहाय की सेवा व मानव अधिकारों को दिलाने में सहयोग करना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति जो इस संसार में जन्म लेता है उसको जन्म के साथ ही कुछ अधिकार ऐसे मिलते है जिन्हें मानव अधिकारों की संज्ञा दी जाती है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को जीने का अधिकार दिया गया है। भारतीय संविधान में भी लोगों को जीने के लिए विभिन्न अधिकार दिये गये है, मानव अधिकारों के हनन होने पर न्यायालयों में न्याय हेतु प्राविधान किये गये है। उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों में स्वस्थ पर्यावरण, मानवीय अधिकारों एवं मानव विकास को भी सम्मिलित किया गया है। कार्यक्रम में नगर निगम कोटद्वार की महापौर श्रीमती हेमलता नेगी, संस्था के उपाध्यक्ष शहनाज शम्सी, संरक्षक कृष्ण कुमार प्रजापति, कमला शाह, मोहनलाल प्रजापति आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *