मोरी और बड़कोट अस्पतालों में जल्द शुरू होगी अल्ट्रासाउंड की सुविधा

उत्तरकाशी। यमुनाघाटी के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने पहल तेज कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी और बड़कोट में जल्द ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू होगी। इसके लिए जिला योजना के तहत धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और मशीनों की खरीद की प्रक्रिया गतिमान है। दोनों अस्पतालों में सुविधा शुरू होने से खासकर गर्भवती महिलाओं को राहत मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि जनपद के चिकित्सालयों में साज-सज्जा और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए 90 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसी धनराशि से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी और बड़कोट के लिए अल्ट्रासाउंड मशीनें खरीदी जाएंगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यमुनाघाटी के उप जिला चिकित्सालय पुरोला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *