अधिकांश वाहन हुए अधिग्रहित, शादी में जाने को भटक रहे लोग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : चुनाव में अधिकांश वाहनों के अधिग्रहित होने से यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। हालत यह है कि शादी समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को वाहन तक नहीं मिल पा रहे हैं। गुरुवार को कई यात्री चिलचिलाती धूप में सड़क पर इधर से उधर भटकते हुए नजर आए। सबसे बुरी स्थिति पहाड़ी रूटों पर बनी हुई है।
कोटद्वार को जनपद पौड़ी का प्रवेश द्वार कहा जाता है। पहाड़ों से मैदान जाना हो अथवा मैदान से पहाड़ की ओर कोटद्वार से ही वाहन उपलब्ध हो पता है। लेकिन, चुनाव के मौसम में यहां यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। पहाड़ व मैदान को जाने वाले अधिकांश वाहन चुनाव में अधिग्रहित होने से राहगीरों को समय पर वाहन नहीं मिल पा रहे। पहाड़ के कई रूटों पर तो सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो चुकी है। देहरादून से रिखणीखाल जाने के लिए कोटद्वार पहुंचे गोपाल सिंह ने बताया कि वह सुबह सात बजे कोटद्वार बस अड्डे में पहुंच गए थे। लेकिन, दोपहर 11 बजे तक भी उन्हें वाहन नहीं मिल पाया। गढ़वाल मोटर्स आनर्स यूनियन के सचिव विजयपाल सिंह ने बताया कि कंपनी की 330 बसों के बेड़े में 90 प्रतिशत से अधिक बसें अधिग्रहित हो चुकी हैं। जबकि, यही हाल पहाड़ के लिए संचालित होने वाले मैक्स अड्डे में भी देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *