मां चंडिका देवी ने स्यूंपुरी गांव में दिया भक्तों को आशीष

Spread the love

 

रुद्रप्रयाग। तल्लानगपुर पट्टी से नौज्यूला की आराध्य मां चंडिका नारी देवी की देवरा यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होकर स्यूंपुरी गांव पहुंची। जहां मां ने घर-घर जाकर भक्तों की कुशलक्षेम पूछी और सभी को खुशहाली का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्तों ने रातभर मां के भजन कीर्तन किए। मां चंडिका देवी की देवरा यात्रा अनेक गांवों में भ्रमण कर धियाणियों के साथ ही क्षेत्रीय लोगों की कुशलक्षेम पूछ रही है। मां भगवती सात माह की देवरा यात्रा में चारों दिशाओं के गांवों का भ्रमण करते हुए अपने भक्तों से मिलेगी। देवरा यात्रा के स्यूंपुरी गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा मां भगवती का भव्य स्वागत किया गया। ग्राम प्रधान बीना बर्त्वाल ने अपने घर पर संपूर्ण ग्राम पंचायत की तरफ से मां भगवती को भेंट अर्पित की। साथ ही देवरा यात्रा में शामिल श्रद्घालुओं को जलपान कराया। उन्हीं के घर पर मां भगवती की देवरा यात्रा ने रात्रि प्रवास किया। इस दौरान मां भगवती चंडिका देवी को लोगों द्वारा अर्घ्य लगाया गया। बासी एवं ढोल-दमाऊं की थाप पर एरवाल द्वारा देव नृत्य किया गया। इसके बाद मां चंडिका देवी रात्रि प्रवास के लिए विराजमान किया गया। जहां पर सभी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए मां चंडिका नारी देवी की सांयकालीन आरती उतारी गई। इसके बाद विद्या पाठ एवं अन्य विशेष पूजा-अर्चना की गई। देवी को खीर का भोग लगाया गया। सुबह पुजारी द्वारा देवी का आह्वान कर उन्हें जागृत किया गया। इसके बाद पूजा-अर्चना, श्रृंगार के साथ हवन और आरती की गई। इसके बाद मां भगवती चंडिका ने स्यूंपुरी गांव में घर-घर जाकर धियाणियों एवं भक्तों की कुशलक्षेम पूछी और उन्हें आशीर्वाद दिया। देवरा यात्रा में मां देवी के साथ उनके क्षेत्रपाल, एरवाल व अन्य देवी-देवताओं के निशाण साथ चल रहे हैं। इस मौके पर नौज्यूला मन्दिर समिति के अध्यक्ष दीक्षराज रावत, प्रद्युमन सिंह बर्त्वाल, सतेन्द्र बर्त्वाल, नरेन्द्र बर्त्वाल, बलवंत सिंह बर्त्वाल, नरेन्द्र सिंह बर्त्वाल, सतेंद्र पाल सिंह बर्त्वाल, जयत सिंह बिष्ट, नरेंद्र बर्त्वाल, कुलदीप सिंह बर्त्वाल, सुरेन्द्र बर्त्वाल, राजेंद्र बर्त्वाल, दलवीर सिंह बर्त्वाल, विनोद बर्त्वाल, कुलदीप बर्त्वाल सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *