शासन का आश्वासन मिलते हि सफाई कर्मियों का आंदोलन स्थगित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। बुधवार को देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारी नगर निगम परिसर में एकत्रित हुए। इस दौरान हुई सभा में संघ के इकाई अध्यक्ष शशि ने बताया कि पिछले आठ दिन से सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे हुए थे। मंगलवार शाम संघ के प्रदेश नेतृत्व ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। बताया कि मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों को रिक्त पदों पर भर्ती करवाने, सफाई कर्मचारियों का इश्योरेंस करने व मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही शासन से कई अन्य मुद्दों पर भी सफाई कर्मचारियों की सहमति बनी है। बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि वह सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर अगस्त माह तक शासनादेश भी जारी करवा देंगे।
कहा कि शासनादेश जारी नहीं होने तक कर्मचारियों का आंदोलन केवल स्थगित हुआ है, खत्म नहीं। वहीं, मांगों को लेकर शासनादेश जारी नहीं होने पर सफाई कर्मचारियों ने सितंबर से दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी है। बुधवार शाम तीन बजे से शहर का कूड़ा उठने के बाद क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिली। पिछले एक सप्ताह से शहर का कूड़ा नहीं उठने के कारण हालात बदहाल हो गए थे। इस दौरान महेंद्र घाघट, वीरेंद्र गोडियाल, धीरज कुमार, बबीता देवी, सुनीता देवी, रश्मि देवी, मनोज कुमार, जीतेंद्र गोडियाल सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *