बिग ब्रेकिंग

मुख्यमंत्री के चेहरे पर पौड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच घमासान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। विधान सभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे पर पौड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच घमासान मचा। कार्यकर्ताओं का यह घमासान बैठक स्थल आडीटोरियम से बाहर सड़क तक पहुंच गया। बैठक में मौजूद वरिष्ठ पदाधिकारियों को बैठक छोड़कर जाना पड़ा। हालांकि बाद में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि बैठक पूरी हो चुकी थी। बैठक में सभी अपना पक्ष रख चुके थे।
सोमवार को पूर्व काबीना मंत्री व जनपद प्रभारी राजेन्द्र भंडारी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता जनपद मुख्यालय पहुंचे। यहां इन वरिष्ठ नेताओं को कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी थी। बैठक मेें जनपद भर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में बस अड्डे से संस्कृति भवन तक रैली निकाली। इसके बाद संस्कृति भवन के ऑडीटोरियम में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद प्रभारी राजेन्द्र भंडारी, चुनाव संचालन समिति के समन्वयक मनीष खंडूड़ी, सह जिला प्रभारी नवीन जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष व श्रीनगर के पूर्व विधायक गणेश गोदियाल सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री के चेहरे के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को सुयोग्य बताया। जिस पर बैठक में मौजूद प्रदेश महासचिव राजेन्द्र शाह ने कड़ा एतराज जताया। शाह ने कहा कि सीएम का चेहरा निर्धारित करना हाईकमान का कार्य है। यह मंच इस इस बात पर चर्चा करने के लिए उचित नहीं है। उनकी इस बात पर कई कार्यकर्ता मंच पर चढ़़ गए और राजेन्द्र शाह के साथ बहस करने लगे। मामला इतना बढ़ा कि बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेता उठ कर चले गए। लेकिन कार्यकर्ता उनके पीछे सड़़क तक आ गए। सड़क पर भी कुछ देर कार्यकर्ताओं के बीच विवाद चलता रहा। हालांकि बाद में वरिष्ठ नेताओं के चले जाने पर मामला शांत हो गया। वहीं जनपद प्रभारी राजेन्द्र भंडारी ने कहा कि यह संगठन की बैठक थी। जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने अपना पक्ष रखा है। समय आने पर मुख्यमंत्री का चेहरा भी निर्धारित कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!