सोमवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही विभिन्न मार्गों पर चलाया गया अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में नासूर बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की सख्ती सोमवार को भी जारी रही। नगर निगम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही अन्य मार्गों पर खड़ी-रेहड़ी ठेलियों को जब्त किया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की भी चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान एक दर्जन रेहड़ी-ठेली व व्यापारियों के चालान काटे गए।
सोमवार शाम करीब पांच बजे नगर निगम की टीम बद्रीनाथ मार्ग में पहुंची। टीम को देख रेहड़ी-ठेली वालों में अफरा-तफरी मच गई। कई रेहड़ी-ठेली वाले अपना सामान लेकर गलियों में दौड़ने लगे। जबकि, कई रेहड़ी-ठेली वाले प्रेक्षागृह की ओर छिपने का प्रयास करने लगे। सफाई निरीक्षण सुनील कुमार ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम अभियान चला रहा है। अभियान के दौरान एक दर्जन अतिक्रमणकारियों के चालान भी किए गए। साथ ही रेहड़ी-ठेली व फड वालों को सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। वहीं, रेहड़ी-ठेली वालों ने नगर निगम पर अभियान में भेदभाव करने का आरोप लगाया। कहा कि छोटे व्यापारियों का सामान जब्त किया जाता है। जबकि, बड़े व्यापारी सड़क पर ही दुकान सजाए बैठे हैं। जिनके खिलाफ आज तक कार्रवाई नहीं हुई।