देहरादून। वीकेंड पर शुक्रवार को मसूरी पर्यटकों से पैक हो गई। मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंच रहे हैं। इस वीकेंड पर ईद की छुट्टी के साथ तीन दिन का अवकाश होने की वजह से भी बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे हैं। यहां अधिकांश होटल पैक हैं और सड़कों पर लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है।शुक्रवार दिन से ही देहरादून मसूरी मार्ग व संपर्क मार्ग पर भी जाम लगने से पर्यटकों के साथ ही स्थानीय निवासियों को भारी असुविधाओ का सामना करना पड़ा। पुलिस प्रशासन जाम को सुचारु करने के लिए हर संभव प्रयास करता रहा। भीड़ बढ़ने से पर्यटक स्थलों पर सुबह से लेकर शाम तक पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ जुटी रही। कैंपटी फॉल में पर्यटकों ने प्राकृतिक झरने का लुफ्त उठाया। माल रोड पर भी पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी ने बताया कि वीकेंड पर शहर के अधिकांश होटल पैक हो गए हैं। बताया कि यह सीजन का पीक सप्ताह है। होटल रमाडा के जनरल मैनेजर हर्ष मनी सेमवाल ने बताया कि होटल दो दोनों के लिए पैक है। मसूरी व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बताया कि शहर में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने से होटल कारोबारियों के साथ ही अन्य व्यवसायियों को इसका लाभ हो रहा है।