पर्यावरण संरक्षण को अवश्य करें पौधा रोपण : कोश्यारी

Spread the love

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने किया पौधारोपण
कोटद्वार में भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से की मुलाकात
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि अपनी आने वाली पढ़ी को बेहतर पर्यावरण देने के लिए हमें अधिक से अधिक पौधा रोपण करना चाहिए। बिना पर्यावरण संरक्षण हम जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। इस दौरान भगत सिंह कोश्यारी ने कोटद्वार में भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। साथ ही उन्होंने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुमाल्डी में पौधा रोपण किया।
विकासखंड रिखणीखाल के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुमाल्डी में आधारशिला संस्थान की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हमें अपनी भावी पीढ़ियों को एक स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित वातावरण देने की जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाना अत्यंत सराहनीय प्रयास है। उन्होंने आधारशिला संस्थान एवं जिला प्रशासन की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। कहा कि आजीविका के लिए उद्यम व परिश्रम जरूरी है, आप जहां भी काम करो, लेकिन अपने गांव से जरूर जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि हम जिन पौधों का रोपण करते हैं, उनकी बच्चे की तरह देखरेख करने की आवश्यकता होती है। पर्यावरण को लेकर भारत का चिंतन सर्वश्रेष्ठ रहा है, यहाँ पेड़ों को काटा नहीं जाता, बल्कि पूजा जाता है। विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित विभागों को सक्रियता दिखाते हुए कुमाल्डी के ग्रामीणों के घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं की हेल्थ स्क्रीनिंग, पेंशन से वंचित लोगों का चिन्हीकरण करने, राजस्व विभाग की तरफ से जारी होने वाले प्रमाण पत्रों को जारी करने, पशुओं की हेल्थ स्क्रीनिंग व चारे की समस्या को लेकर पशुपालकों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिये। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद अंथवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्र के आठ महिला मंगल दलों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उपजिलाधिकारी लैंसडौन शालिनी मौर्य, आधारशिला संस्थान के अध्यक्ष नरेश चंद्र घिल्डियाल, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आदिल अली, महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, थानाध्यक्ष रिखणीखाल संजय सिंह असवाल, ग्राम प्रशासक कुमाल्डी हीमा देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बसड़ा मोहन सिंह नेगी, विनोद, दिनेश रावत, राकेश देवरानी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *