जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय एवं पंचकर्म केन्द्र कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के कर्मचारियों/पर्यावरण मित्रों को आयुष रक्षा किटों का वितरण किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी का कहना है कि इन दवाइयों का लगातार दस दिन प्रयोग करने से व्यक्ति में रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्घि होती है। जिससे वह आसानी से किसी वायरस की चपेट में नहीं आता।
आयुष विभाग द्वारा प्रदत्त किटों का वितरण करते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जयदीप सिंह बिष्ट ने कहा कि कोरोना काल में निगम कर्मचारी व पर्यावरण मित्र तत्परता से अपने कार्यों का निवर्हन कर रहे हैं। जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आयुष रक्षा किट फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स जैसे सफाई कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी, सुरक्षा कर्मी व अन्य विभागीय कर्मचारियों को वितरित की जा रही है, ताकि वे स्वंय स्वस्थ रहकर कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ सकें। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से डरने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है, कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क का इस्तेमाल करने तथा नियमित समय के अंतराल में हाथों को धोने की जरूरत है। इस मौके पर हवलदार धर्मेंद्र, उमेश, कोमल, रीना, राहुल, आशीष, टिंकू सिंह, दिनेश, प्रशांत, अनिल, शुभम, अंकुश, अजीत सहित समस्त चिकित्सालय स्टॉफ मौजूद रहा।