नगर पालिका कर्मचारी की मौत पर भड़के पर्यावरण मित्र

मसूरी। नगर पालिका कर्मचारी सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों में भारी आक्रोश है। सोमवार को आक्रोशित पर्यावरण मित्रों ने कुलड़ी पुलिस चौकी के समीप धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक जब कोई पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो गुस्साए कर्मचारियों ने भगत सिंह चौक पर पहुंचकर जाम लगा दिया और पुलिस व नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे पर्यावरण मित्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय किसी को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सतीश की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कर्मचारियों ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी भी मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में सीओ जगदीश पंत मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें समझाया। सीओ के आश्वासन के बाद कुछ पर्यावरण मित्र उनके साथ कोतवाली पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग रखी।
पर्यावरण मित्रों ने चेतावनी दी कि सतीश की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *