जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा पौड़ी ने कोरोना महामारी से निपटने में मदद के लिए आगे आया है। मोर्चा ने डीएम पौड़ी को कोविड संक्रमण के दौर में जरूरतमंद लोगों के लिए पल्स ऑक्सीमीटर, मास्क, हैंड सेनटिाइजर, फेस शील्ड मास्क आदि आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई है। मोर्चा कोरोना काल के बीते वर्ष में भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आया था। मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि संगठन कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए आगे भी हरसंभव मदद जारी रखेगा।
सोमवार को राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने डीएम विजय कुमार जोगदंडे ने मुलाकात की। इस मौके पर मोर्चा ने जिला प्रशासन पौड़ी को 20 पल्स ऑक्सीमीटर, 2500 मास्क, 1 हजार फेस शील्ड मास्क, 2500 सेनिटाइजर सौंपे। प्रदेश महासचिव पोखरियाल ने बताया कि वैश्विक महामारी के दौर में कर्मचारी भी सहयोग के लिए लगातार हाथ बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सहायता के अलावा स्वास्थ्य विभाग को जल्द ही उपकरण व मेडिकल किट भी प्रदान की जाएंगी। मंडलीय अध्यक्ष जयदीप रावत ने कहा कि मोर्चा ने जिला स्तर पर कंट्रोल रुम स्थापित किए गए हैं। हेल्पलाइन से सहयोग मांगने वालों की लगातार मदद की जा रही है। प्रांतीय मीडिया सचिव डा. कमलेश मिश्रा ने कहा कि टीकाकरण शत-प्रतिशत हो इसके लिए सरकार को ठोस रणनीति बनानी होगी। उन्होंने सहयोग के लिए लोगों से बढ़-चढ़कर आगे आने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर जिला संरक्षक मंगल सिंह, जिला प्रभारी संजय नेगी, प्रदीप सजवाण, दीपक नेगी, अजीत रावत आदि मौजूद रहे।