शहर में नया ट्रैफिक प्लान लागू, वन-वे बनाया गया गोखले मार्ग

Spread the love

शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने कसी कमर
गोखले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाकर तैनात किए गए होमगार्ड
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एक बार फिर पुलिस ने कमर कस ली है। योजना के तहत गोखले मार्ग से अतिक्रमण हटवाकर इसे वन-वे बनाया गया है। पहाड़ से आने वाले वाहन गोखले मार्ग से होकर नजीबाबाद चौक पहुंचेंगे। मार्ग पर दोबारा रेहड़ी-ठेलियों का कब्जा न हो इसके लिए यहां होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
कोटद्वार शहर की सड़कों पर लगातार वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में आए दिन सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है। समस्या का निराकरण करने के लिए पुलिस की निगाहें एक बार फिर गोखले मार्ग पर टिकी हुई हैं। बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक शेखर चंद्र सुयाल ने शहर के व्यापारियों के साथ भी बैठक की। जिसमें उन्होंने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्ती कार्रवाई करनी की चेतावनी दी। योजना के अनुसार, गुरुवार सुबह पुलिस ने सड़क पर उतरकर गोखले मार्ग से रेहड़ी-ठेली वालों को हटाते हुए उन्हें दोबारा मार्ग पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। पहाड़ से आने वाले वाहन गोखले मार्ग से निकल सकें इसके लिए झंडाचौक चौराहे पर बेरिकेटिंग भी लगाई गई है। इसके उपरांत मार्ग पर जगह-जगह होमगार्ड भी तैनात किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि यातायात को लेकर बनाई गई योजनाओं को गंभीरता से लागू करने के लिए नगर निगम से भी वार्ता की जाएगी। समय-समय पर पुलिस व निगम अतिक्रम के खिलाफ अभियान चलाता रहेगा।

एक बार पहले भी बन चुकी है योजना
शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तत्कालीन एएसपी मनीषा जोशी ने भी गोखले मार्ग को वन-वे बनया था। इसके तहत पुलिस सप्ताह में दो दिन गोखले मार्ग में पहुंचकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी करती थी। लेकिन, नगर निगम का सहयोग नहीं मिलने के कारण योजना धरातल पर नहीं उतर पाई। एक बार फिर पुलिस ने वहीं प्लान लागू किया है। देखने वाली बात यह है कि नगर निगम इस बार पुलिस को कितना सहयोग देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *