राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी दरकने से ,दो दिन बंद रहेगा एनएच

Spread the love

चम्पावत। स्वाला के समीप पहाड़ी से बड़ी चट्टान भरभरा कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर गई। इससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। एनएच के करीब 200 मीटर हिस्से में बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर जमा हो गए हैं। पहाड़ी से रुक-रुक कर बोल्डर गिर रहे हैं। इस वजह से मलबा हटाने में दिक्कत हो रही है। बड़ी मात्रा में गिरे मलबे को देखते हुए एनएच दो दिन बंद रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। सोमवार सुबह करीब आठ बजे स्वाला के समीप चट्टान टूट कर एनएच पर गिर गई। इस वजह से सड़क पर करीब दो सौ मीटर हिस्से में मलबा और पत्थर जमा हो गए। एनएच खंड के अधिशासी अभियंता एलडी मथेला ने बताया कि करीब डेढ़ सौ मीटर ऊंचाई से गिरी चट्टान से हाईवे पर आवाजाही बाधित हो गई है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी से रुक-रुक कर पत्थर गिर रहे हैं। इस वजह से सड़क से मलबा हटाने में दिक्कत हो रही है। ईई का कहना है कि 200 मीटर हिस्से में बड़ी मात्रा में गिरे मलबे को हटाने में दो दिन का समय लग सकता है। अलबत्ता सड़क को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है। इधर, वाहनों की आवाजाही बंद होने से यात्रियों को पहाड़ी से होते हुए तीन किमी की दूरी पैदल नापनी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *