विपक्षी दलों की अहम बैठक के बाद नीतीश सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, कांग्रेस को मिलेंगे दो मंत्री पद

Spread the love

पटना , एजेंसी। 16 जून को जब जदयू विधायक रत्नेश सदा ने मंत्रिमंडल की शपथ ली तो कयास लग रहे थे कि राजद और कांग्रेस के नेता भी मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। लेकिन, तब केवल जदयू विधायक रत्नेश सदा ने ही मंत्री पद की शपथ ली थी। एक दिन बाद कांग्रेस के प्रवक्ता कुंतल कृष्ण से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। सियासी गलियारे में कांग्रेस के नाराज होने की चर्चा तेज हो गई। विपक्षी एकता की बैठक से पहले इस चर्चा को विराम लग गया। कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस से 2 चेहरे महागठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। यह बातें उन्होंने सदाकत आश्रम में रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विपक्षी एकता की बैठक के बाद बिहार सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इसमें राजद और कांग्रेस के नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस के 2 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे। कहीं कोई नाराजगी नहीं है। अफवाहों पर ध्यान न दें। बता दें कि 15 जून को अमर उजाला से बातचीत में भागलपुर से कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा ने भी मंत्रिमंडल विस्तार में कांग्रेस के नेता को भी मंत्री पद देने की बात कही थी। उन्होंने अनुपात का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के 19 विधायक हैं। इस हिसाब से मंत्रिमंडल में 4 पद कांग्रेस को देना चाहिए।
कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने विपक्षी एकता की बैठक से प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के आमंत्रण पर विपक्षी एकता की बैठक हो रही है। पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर नीतीश कुमार की उनसे मुलाकात हुई थी। वहां नीतीश कुमार को कुछ नेताओं से बातचीत करने के लिए कहा गया था। बातचीत होने के बाद नीतीश कुमार द्वारा पटना में विपक्षी एकता की बैठक बुलाई गई। इसमें शामिल होने के लिए राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन प्रभारी वेणुगोपाल आ रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि 4 हजार किमी की लंबी यात्रा के बाद राहुल गांधी पहली बार पटना आ रहे हैं। उनका भव्य स्वागत होगा। पटना एयरपोर्ट से तीनों नेता सदाकत आश्रम आएंगे। रास्ते में बिहार कांग्रेस द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह साढ़े 11 बजे विपक्षी एकता की बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर जाएंगे।
सदाकत आश्रम में 70 हजार स्क्वायर फीट का बड़ा पंडाल बनाया गया है। सारी तैयारियां की जा रही है। यहां राहुल गांधी एक घंटा रहेंगे। लोगों से मुलाकात करेंगे, उन्हें संबोधित करेंगे। अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि मंत्रीमंडल का विस्तार विपक्षी एकता की मीटिंग के बाद होगा। कांग्रेस पार्टी के दो नेता मंत्री बनेंगे। राजद कोटे से भी मंत्री बनाए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *