Spread the love

इस्तीफा दे सकती है गांधी फैमिली, चुनावों में करारी हार पर सीडब्ल्यूसी की बैठक में बड़े फैसले के संकेत
नई दिल्ली, एजेंसी । रविवार को अल इंडिया कांग्रेस वर्किंग कमेटी(सीडब्ल्यूसी) की बैठक में गांधी फैमिली इस्तीफा दे सकती है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तीनों कांग्रेस वर्किंग कमेटी को अपना इस्तीफा दे सकते हैं। माना जा रहा है कि पांचों राज्यों में विधानसभा चुनावों में शर्मनाक कदम के बाद सीडब्ल्यूसी की बैठक में बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
रविवार को दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली कांग्रेस की बैठक में कुछ बड़ा होने वाला है। एनडीटीवी में छपि रिपोर्ट के अनुसार, इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा पांचों राज्यों में हुई पार्टी की शर्मनाक हार के बाद इस्तीफा दे सकते हैं।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभियान का नेतृत्व किया था लेकिन इस बार भी कांग्रेस की झोली खाली रही। पार्टी के प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका शीर्ष निर्णय लेने वाले निकाय पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
यह पहली बार नहीं है जब सोनिया गांधी और राहुल गांधी पद छोड़ने की पेशकश कर रहे हैं। दोनों नेताओं ने 2014 में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बाद पद छोड़ने की पेशकश की थी और इसे सीडब्ल्यूसी ने खारिज कर दिया था। उस वक्त भी पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारणों की जांच के लिए एके एंटनी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया था। गौरतलब है कि साल 2019 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *