जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : विकासखंड जखोली के ग्राम पंचायत मोसड़ में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत ग्राम चौपाल कार्यक्रम प्रभारी जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र की 10 समस्याएं दर्ज कराई गई। इस मौके पर ग्रामीणों ने पानी, शिक्षा, विद्युत, स्वास्थ्य की समस्याएं उठाई।
ग्राम चैपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी की भारी समस्या है। लगभग 8 किमी. दूर डांडातोक से गांव में पानी आता है। पानी का स्रोत भी क्षतिग्रस्त हो गया है तथा पेयजल लाइनें भी 20-25 साल पुरानी हैं जो जीर्ण शीर्ण में है। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव के किसी भी घर में हर घर नल से जल उपलब्ध कराने के लिए कनेक्शन नहीं किए गए हैं। कहा कि राजस्व ग्राम महरगांव में प्राथमिक विद्यालय संचालित होता था जो 2017 में बंद हो गया है। महरगांव में लगभग 19-20 बच्चे हैं जो दूसरे गांव माथगांव में दो किमी. दूर पैदल पढ़ने को जाते हैं। उन्होंने बंद हुए प्राथमिक विद्यालय को पुन: संचालित करने की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत मोसड़ में आंगनबाड़ी भवन बनाने हेतु 12 लाख स्वीकृत किए गए हैं किंतु अभी तक आंगनबाड़ी केंद्र भवन बनाने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आंगनबाड़ी भवन बनाने की मांग की। इस अवसर पर प्र. जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को सभी योजनाओं का लाभ उपलब्ध हो। ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित कर संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ क्षेत्रवासियों को उपलब्ध हो सके। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि उनके द्वारा जो भी समस्याएं दर्ज कराई गई हैं उनका संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही करवाई जाएगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोसड़ श्रवण सिंह महर, ग्राम विकास अधिकारी शशांक मैठाणी, रोजगार सेवक दीपक रावत सहित ग्रामवासी मौजूद रहे।