नई टिहरी()। प्रतापनगर ब्लॉक में ओण पट्टी के मांजफ में आयाेजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी- कर्मचारी नदारद रहे जिससे पेंशन और विभाग से संबंधित अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। निराश लौटे लोगों ने कहा कि समाज कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभाग को शिविर में मौजूद रहना चाहिए था। जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत ओण पट्टी के मांजफ में एसडीएम अंकित राज की अध्यक्षता में शिविर लगाया गया। शिविर में 120 शिकायतें दर्ज कराई गई। उनमें से 35 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जबकि अन्य 85 शिकायतें संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। शिविर में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी और ज्येष्ठ प्रमुख प्रकाश रमोला ने समाज कल्याण विभाग की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समाज कल्याण से संबंधित समस्याओं का निराकरण नहीं होने से कई लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी ,ज्येष्ठ प्रमुख प्रकाश रमोला , क्षेत्र पंचायत सदस्य रंजना देवी, प्रधान रमेश पंवार और आरती देवी कहा कि जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों की समस्याएं नहीं सुनी गई। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। एसडीएम ने कहा कि शिविर में पहुंचे सभी लोगों की समस्याएं सुनी गई। और उनका निस्तारण करने का प्रयास भी किया गया।