जीर्ण-क्षीण भवन में रहने को मजबूर वृद्धा

सरकारी योजनाओं का नहीं मिला अब तक लाभ
जगमोहन डांगी
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड कल्जीखाल की पूर्वी मनियास्यूं पट्टी के ग्राम गूंड निवासी एक 80 वर्षीय वृद्धा जीर्ण क्षीण मकान में रहने को मजबूर है। वृद्धा को अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है। जबकि सरकार दावा कर रही है कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
ग्राम गूंड निवासी 80 वर्षीय कुमाली देवी निरक्षर है। उनके पति का दस वर्ष पूर्व स्वर्गवास हो गया है तथा उसकी कोई संतान नहीं है। डिजीटल के इस दौरान में अभी तक कुमाली देवी का आधार कार्ड नहीं बन पाया है, जिस कारण उनका राशन कार्ड नहीं बन पाया। राशन कार्ड और आधार कार्ड के कारण उनको सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने बताया कि वृद्धा कुमाली देवी को वृद्ध आश्रम में रखने का अनुरोध किया गया, लेकिन वह कहीं भी जाने को तैयार नहीं है। बताया कि लगातार हो रही अतिवृष्टि में वृद्धा का जीर्ण क्षीण मकान में रहना किसी खतरे से खाली नहीं है। ज्ञात हो कि कुस्याण गांव में बीते शुक्रवार को अतिवृष्टि से एक घर की दीवार गिर जाने से मलवे में दबकर महिला की मृत्यु हो गयी थी। जिला प्रशासन को संवेदनशील होना पड़ेगा और वृद्धा का सुरक्षित स्थान पर विस्थापन करना होगा, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। ग्राम पंचायत प्रधान गौरण श्रीमती मुन्नी देवी ने बताया कि उन्होंने वृद्धा को आधार कार्ड बनाने के लिए नजदीक सीएससी सेंटर में ले जाने का बहुत अनुरोध किया, लेकिन वृद्धा अपने आंगन से बाहर कहीं जाने को तैयार नहीं है, जिस कारण वृद्धा को सरकारी आवास, राशन आदि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाने में ग्राम पंचायत असमर्थ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *