ओमिक्रॉन ने राजधानी दिल्ली में दी दस्तक

Spread the love

-कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित पांचवा मामला आया सामने
– तंजानिया से दिल्ली आए 37 वर्षीय एक पुरुष का चल रहा है उपचार
नई दिल्ली, एजेंसी : दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस का नया वैरिटेंट ओमिक्रॉन भारत में अब पांव पसारता जा रहा है। महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक के बाद देश की राजधानी दिल्ली में ओमिक्रॉन ने दस्तक दी है। दिल्ली में ओमिक्रॉन का पहला केस मिला है। तंजानिया से दिल्ली आया 37 वर्षीय एक पुरुष ‘ओमिक्रॉन’ से संक्रमित पाया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मरीज का इस समय लोक नायक अस्पताल यानी एलएनजेपी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है और उसे बीमारी के कुछ ऐसे लक्षण हैं, जिन्हें आम लोग अनदेखा कर देते हैं।
एलएनजेपी अस्पताल के एमडी डॉ. सुरेश कुमार ने अस्पताल में भर्ती मरीज की बीमारी को लेकर अपडेट दिया है। डॉ. सुरेश कुमार ने कहा कि तंजानिया से आए ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीज के गले में खराश है, उसे काफी कमजोरी है और बदन दर्द कर रहा है। उसने वैक्सीन की दोनों डोज ली थी, जिसकी वजह से उसे मामूली लक्षण हैं और उसकी हालत बहुत खराब नहीं है।
वहीं, एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र में 12 नमूने भेजे गए थे। एक नमूने में ओमिक्रॉन स्वरूप का संक्रमण मिला है। मरीज भारतीय है और वह कुछ दिन पहले तंजानिया से लौटा था। उन्होंने कहा, ‘मरीज ने पिछले कुछ दिन में किन स्थानों की यात्रा की है, इसका पता लगाया जा रहा है और उसके संपर्क में आए लोगों से संबंधित जानकारी भी एकत्र की जा रही है।’
बता दें कि देश में अब तक ओमिक्रॉन का यह पांचवां मामला सामने आया है। कर्नाटक में ओमिक्रॉन के पहले दो मामले सामने आए। शनिवार को संक्रमण का तीसरा और चौथा मामला गुजरात के जामनगर और महाराष्ट्र के डोंबिवली से सामने आया था। इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ओमिक्रॉन वैरिएंट को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोकने का आग्रह किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *