उत्तराखंड

जिला विकास प्राधिकरण को दोबारा लागू करने का विरोध

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से आयोजित की गई बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल ने जिला विकास प्राधिकरण को दोबारा लागू करने का विरोध किया है। कहा कि प्रदेश सरकार जनविरोधी नीतियां अपनाकर जनता को शोषण कर रही है। उक्रांद ने जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर जन आंदोलन चलाने की चेतावनी दी है।
गुरुवार को उक्रांद महानगर की कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल कोटद्वार नगर निगम निर्माण व जिला विकास प्राधिकरण को लागू करने का विरोध करता है। इनके निर्माण से जनता का शोषण और जनता के ऊपर तरह-तरह के कर लगाए जा रहे हैं। उत्तराखंड क्रांति दल ने नगर निगम के निर्माण के विरोध में बहुत बड़े स्तर पर जन आंदोलन चलाया था। इसके लिए 73 गांव वासियों ने 7000 आपत्ति पत्र भी प्रस्तुत किए थे, परंतु सरकार ने अपनी तानाशाही के बल पर नगर निगम का गठन कर दिया। जनता से वादा किया गया था कि दस वर्ष तक नगर निगम उनसे किसी भी तरह का टैक्स नहीं वसूलेगा। लेकिन, नगर निगम बनने के बाद राज्य सरकार ने नगर निगम क्षेत्र कोटद्वार की जनता से हाउस टैक्स और जिला विकास प्राधिकरण को लागू करके जनता के साथ धोखा किया है। कपरवाण ने कहा कि उक्रांद ने इसके विरुद्ध संघर्ष किया। जनहित में आंदोलन किया फलस्वरूप सरकार को टैक्स रोपण को वापस लेना पड़ा। लेकिन वर्तमान में राज्य सरकार पुन: जिला विकास प्राधिकरण और हाउस टैक्स को लागू करना चाहती है। उत्तराखंड क्रांति दल इसका विरोध करेगा। सरकार का जनता के साथ वादा है कि 10 वर्षों तक राज्य सरकार व नगर निगम प्रशासन कोटद्वार की जनता से किसी भी प्रकार का टैक्स वसूली नहीं करेंगे। इसलिए उत्तराखंड क्रांति दल जनहित में सरकार से टैक्स को वापस लेना के लिए कहेगा। दल के केंद्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत ने राज्य सरकार से मांग की है कि शीघ्र मोटर नगर में आधुनिक बस अड्डे का निर्णय लिया जाए। नगर में जो संपत्ति बर्बाद हुई उसकी वसूली दोषी नेताओं व अधिकारियों से की जानी चाहिए। महानगर अध्यक्ष जग दीपक सिंह रावत ने कहा कि लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग का निर्माण भी अब तक नहीं हो पाया है। कहा कि उत्तराखंड की जीवन रेखा सड़क रामनगर-कालागढ़- कोटद्वार चिल्लर खाल को नेशनल हाईवे के रूप में बनाया जाना चाहिए। केंद्रीय संगठन मंत्री हरीश द्विवेदी ने कण्वआश्रम को राष्ट्रीय तीर्थ के रूप में विकसित करने की मांग उठाई। महानगर उपाध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी ने कोटद्वार में मेडिकल कॉलेज व नर्सिंग कॉलेज निर्माण की मांग उठाई। महानगर महामंत्री सर्वेंद्र काला ने नगर निगम क्षेत्र में सड़कों पर हुए खड्डे की मरम्मत करने की मांग उठाई। इस मौके पर पितृशरण जोशी, दर्शन सिंह नेगी, यतेंद्र भट्ट, सुखदेव शास्त्री, लक्ष्मी बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!