शिकायत के बाद भी समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कूड़ा, पार्किंग, सीवर सहित शहर के विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस व अन्य संगठनों ने नगर निगम व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि पूर्व में आश्वासन के बाद भी शहर की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा है। संगठनों ने जल्द समस्या का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की भी चेतावनी दी। कहा कि शहरवासियों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुधवार को कांग्रेस सहित अन्य संगठन के सदस्य नगर निगम परिसर में एकत्रित हुए। यहां संगठनों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्रवासियों की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि कोटद्वार नगर निगम बनने के बाद जनता को बेहतर विकास की उम्मीद थी। लेकिन, नगर निगम पांच वर्षों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करवा पाया है। हालात यह है कि पार्किंग के अभाव में शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। शहर में लगातार बढ़ रहे आवारा गोवंशों के संरक्षण को लेकर भी निगम लापरवाह बना हुआ है। निगम गठन के पांच वर्ष बाद सीवर लाइन नहीं बनाई गई है। कूड़ा निस्तारण की समस्या भी जस की तस बनी है। आबादी के बीच ही ट्रेंचिंग ग्राउंड का संचालन किया जा रहा है। केंद्रीय विद्यालय को लेकर भी लापरवाही दिखाई जा रही है। सनेह क्षेत्र में एनएच प्रभावितों की समस्या जस की तस बनी हुई है। भाबर के जशोधरपुर में फैट्रियों के धुंए से आमजन का सांस लेना भी दूभर होता जा रहा है। संगठनों ने दस वर्ष तक शहरवासियों से किसी भी तरह का टैक्स न लेने, शहर में पुस्तकालय का निर्माण करवाने व सत्यापन को लेकर गंभीरता से अभियान चलाने की मांग उठाई। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद डबराल, कांग्रेस उपाध्यक्ष बलवीर सिंह रावत, विनोद मधवाल, भुवन मोहन गुसाई, रंजना रावत, अजयपाल रावत, संदीप रावत, राजाराम अण्थ्वाल, आशाराम, गोकुल सिंह नेगी, वीरेंद्र सिंह, कृष्ण चंद्र खंतवाल, मो. स्वाले सहित कई अन्य मौजूद रहे।