पढ़िये: कोटद्वार के सिगड्डी में लोगों ने क्यों किया पौड़ी भाजपा जिलाध्यक्ष का घेराव

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। भाबर के जयदेवपुर, सिगड्डी में भारतीय जनता पार्टी के पौड़ी जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत का स्थानीय लोगों ने घेराव किया। साथ ही जमकर हंगामा काटा। लोगों ने क्षतिग्रस्त सिंचाई और आवरलोड डम्फरों से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन जैसी गूलमूलभूत समस्याओं के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पिछले काफी समय से मूलभूत समस्याओं के निस्तारण की मांग कर रहे है, लेकिन शासन-प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शासन-प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द समस्याओं के निस्तारण की मांग की।

शनिवार को जयदेवपुर, सिगड्डी में आयोजित भाजपा जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत और कार्यकर्ताओं की बैठक में स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा काटते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष का घेराव किया। शनिवार को आयोजित बैठक में जैसे ही भाजपा जिलाध्यक्ष पहुंचे वहां स्थानीय लोगों की भीड़ इक्टठा हो गई। आक्रोशित लोग भाजपा पदाधिकारियों पर लोगों की भावनाओं से छलावा करने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटने लगे। स्थानीय निवासी गणेश चंद्र जोशी, भैरव दत्त पंत, पंकज जोशी, त्रिलोक जोशी, हरेंद्र मेहरा, प्रयाग दत्त जोशी, हरीश पंत, ललित जोशी ने बताया कि सिगड्डी क्षेत्र में स्थित सिंचाई नहर कई वर्षों से क्षतिग्रस्त हो रखी है। वह नहर की मरम्मत व पुन: निर्माण कराने की मांग पिछले काफी समय से कर रहे है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक और संबधित अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने से काश्तकारों को फसल की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। एक ओर तो सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही है, वहीं किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में किसानों की आय दोगुनी होना कैसे सम्भव है। उन्होंने कहा कि मुख्य मोटर मार्ग पर स्ट्रीट लाईटों के अभाव में दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने बताया कि ओवर लोड डम्परों के कारण पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन अभी तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। जिस कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने स्थानीय लोगों के एक प्रतिनिधि मंडल से वार्ता कर समस्याओं के निराकरण करने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *