शादी सीजन में बढ़े यात्री, सीट को हो रही मारामारी
पहाड़ के साथ ही मैदानी क्षेत्रों के लिए बढ़ी यात्रियों की संख्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: शादी सीजन में पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही मैदानी इलाकों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए परिहवन निगम के साथ अन्य सार्वजनिक वाहन संचालकों ने व्यवस्थाएं बनाने शुरू कर दी है। जिस रूट पर अधिक यात्री हैं, वहां अतिरिक्त वाहनों का संचालन किया जा रहा है। सुबह से ही वाहनों में सीट पाने के लिए यात्रियों में मारामारी देखने को मिल रही है।
वर्तमान में पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों में शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में कई लोग नाते रिश्तेदारों की शादी में शामिल होने के लिए पहाड़ आ रहे हैं तो कई मैदानी इलाकों की ओर अपना रूख कर रहे हैं। यही कारण है कि परिवहन निगम की बसों के साथ ही सार्वजनिक वाहनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। सुबह से ही रोडवेज बस अड्डा, जीएमओयू बस अड्डा व नजीबाबाद रोड स्थित मैक्स अड्डे में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा सकती है। वाहनों के बस अड्डे पर पहुंचते ही यात्री सीट उसमें पहले सीट पाने के लिए दौड़ रहे हैं। गढ़वाल जीप-टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष अमरदीप रावत ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रूटों पर वाहनों का संचालन किया जा रहा है। मैक्स वाहन से पहाड़ जाने वाले यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ है।
नौ लाख रुपये प्रतिदिन पहुंची आमदनी
कोरोना के बाद से मंदी की मार झेल रहे परिवहन निगम की आय भी नौ लाख रुपये प्रतिदिन के पार पहुंच गई है। कुछ माह पूर्व तक रोडवेज को पहाड़ के कई रूटों पर पर्याप्त यात्री नहीं मिल पाते थे। लेकिन, अब सभी सीटों पर पर्याप्त यात्री मिल रहे हैं। राडवेज के एआरएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि कोरोना के बाद से बंद पड़े पहाड़ के सभी रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। शादी सीजन में रोडवेज को बेहतर आय की उम्मीद है। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।