रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम की यात्रा सोमवार को फिर से पटरी पर लौट गई। हालांकि भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए शासन के निर्देशों पर बीते दिन 24 घंटे के लिए यात्रियों की आवाजाही रोकी गई थी, किंतु सोमवार सुबह बारिश कम होते ही 10 बजे सोनप्रयाग से यात्रियों को केदारनाथ धाम के लिए भेजा गया। सुबह 3 हजार से अधिक यात्री केदारनाथ धाम रवाना हुए। जनपद में लगातार बारिश जारी है। ऐसे में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन यात्रा का संचालन कर रहा है। तेज बारिश और भूस्खलन की स्थिति की संभावना को देखते ही यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी जा रही है, जबकि मौसम अनुकूल होते ही यात्रियों की आवाजाही कराई जा रही है। सोमवार सुबह तेज बारिश के चलते सुबह 5 बजे से 10 बजे तक यात्रियों की आवाजाही रोकी गई। जबकि इसके बाद मौसम ठीक होते ही यात्रियों को केदारनाथ धाम जाने दिया गया। मुनकटिया में कोतवाली निरीक्षक सोनप्रयाग राकेंद्र कठैत की मौजूदगी में पुलिस फोर्स ने यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही कराई। सुबह 3 हजार से अधिक यात्री केदारनाथ भेजे गए। इधर, बीते दिन शासन के निर्देशों पर 24 घंटे के लिए यात्रियों की आवाजाही रोकी गई थी, जिससे सोनप्रयाग और आसपास करीब 2 हजार यात्री ठहरे थे जो सोमवार सुबह केदारनाथ के लिए रवाना हुए। वहीं केदारनाथ धाम से आने वाले यात्रियों की आवाजाही निरंतर जारी है। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और वाईएमएफ के जवानों की देखरेख में यात्रियों की आवाजाही हो रही है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा का संचालन किया जा रहा है। बारिश होते ही यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है। जबकि मौसम ठीक होते ही आवाजाही शुरू हो रही है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ यात्रा सुचारु चल रही है। (एजेंसी)