गुलदार के हमले से महिला घायल

Spread the love

रुद्रप्रयाग : डांगी गांव में खेतों में काम करने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। आसपास मौजूद अन्य महिलाओं के शोर मचाने के बाद गुलदार भाग गया, जिससे महिला की जान बच गई। ग्रामीणों ने 108 सेवा की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी अगस्त्यमुनि में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं घटना के बाद से लोगों में दहशत बनी है। उप तहसील बसुकेदार के पठालीधार क्षेत्र के डांगी गांव में 65 वर्षीय चेता देवी पत्नी गोविंद सिंह रावत अन्य महिलाओं के साथ गांव से कुछ दूर खेतों में काम करने गई। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया जिससे महिला घायल हो गई। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाया और मौके की तरफ पत्थर फेंके। महिलाओं के शोर मचाने के बाद गुलदार भाग गया और महिला की जान बच गई। गांव में सूचना मिलते ही सभी ग्रामीणों ने 108 सेवा की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर महिला का उपचार कर रहे हैं। महिला के सिर, हाथ और पैरों में घाव हैं जबकि 23 टांके आए हैं। फिलहाल महिला की स्थिति में सुधार है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में गुलदार का भय है। बरसात के समय चारों ओर झाड़ियां होने से भी जंगली जानवरों का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र महिला को उचित मुआवजा देने के साथ ही गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *