पौड़ी-श्रीनगर मार्ग पर पुलिया धंसी, निर्माण पर उठे सवाल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। मुख्यालय में एनएच निर्माण खंड की कार्य प्रणाली सवालों के घेरे में हैं। शहर में एनएच पर दो सप्ताह पूर्व बनी पुलिया दोनों किनारों से धंस गई है। साथ ही पुलिया के आधे हिस्से का ही निर्माण किया गया है, जिससे यहां अक्सर दोपहिया वाहनों की दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पुलिया धंसी नहीं है, पुलिया के अप्रोच रोड की मिट्टी धंसी है। पुलिया पूरी तरह से ठीक है।
शहर के बीचों-बीच यूनियन बैंक के समीप पौड़ी-श्रीनगर राजमार्ग पर एनएच की ओर से दो सप्ताह पूर्व पुलिया का निर्माण किया गया था। उक्त पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी। बताया जा रहा है कि एक वर्ष पूर्व भी इस पुलिया का निर्माण किया गया था। दोबारा निर्माण होने के दो सप्ताह बाद ही पुलिया के दोनों किनारे धंस गए हैं। नगर सेवादल के अध्यक्ष युद्धवीर सिंह रावत ने बताया कि अभी पुलिया के इस हिस्से पर यातायात शुरू भी नहीं हुआ था। बावजूद इसके किनारों के धंस जाने से निर्माण कार्य सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि पूरे पौड़ी शहर में एनएच पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, नालियों का बुरा हाल है। लेकिन, विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जो निर्माण कार्य किया भी जा रहा है, उसकी गुणवत्ता घटिया है। वहीं एनएच खंड के सहायक अभियंता बीएम द्विवेदी ने बताया कि पुलिया के अप्रोच रोड की मिट्टी धंसी है। पुलिया पूरी तरह ठीक है। पुलिया के दूसरे हिस्से का भी जल्द निर्माण कर लिया जाएगा। पुलिया के नीचे बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों के व्यक्तिगत पेयजल कनेक्शन हैं, जिससे यहां निर्माण कार्य में दिक्कतें हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *