श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा के आगाज के साथ ही श्रीनगर बाजार क्षेत्र में वाहनों की भीड़ के साथ ही जाम लगने लगा है। बदरीनाथ हाईवे से लेकर शहर के आंतरिक मार्गों तक वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पौड़ी बस अड्डा, काला सड़क, एसबीआई से जीआईसी मार्ग और बांसवाड़ा जैसे प्रमुख चौराहों पर दिनभर जाम की स्थिति बन रही है।
शहर के सबसे व्यस्ततम पीपलचौरी (पौड़ी बस अड्डा) चौराहे पर चारों तरफ से वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन सबसे खराब स्थिति नर्सरी सड़क की है। राजमार्ग के साथ ही श्रीनगर के आंतरिक मार्गों का भी बुरा हाल है। पीपलचौरी क्षेत्र में सुबह और शाम को सब्जी की दुकानों में भीड़ होने के कारण रास्ता बंद हो जाता है। यहां से पैदल गुजरना भी मुश्किल भरा हो जाता है। वहीं बांसवाड़ा चौराहे के निवासी सुनील सिलसवाल का कहना है कि यात्रा वाहनों के कारण हाईवे से गुजरना मुश्किल हो गया है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों के लिए हर समय खतरा बना रहता है। पुलिस को इसके लिए व्यवस्था बनानी चाहिए। वहीं राजुल और मयंक ने बताया कि इस मार्ग पर तीव्र ढलान है और यहीं से पत्थर भरने के लिए डंपर अलकनंदा नदी की ओर जा रहे हैं। स्कूल के समय पर भी ये डंपर बेरोकटोक दौड़ रहे हैं। ढलान पर भारी वाहनों के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने स्कूल के समय डंपरों के संचालन पर पाबंदी लगाने की मांग की। वहीं पीपलचौरी चौराहा राजमार्ग पर नदी से खनन सामग्री लदे भारी वाहनों के कारण भी ट्रैफिक अनियंत्रित हो रहा है। (एजेंसी)
व्यवस्था को दुरूस्त करने का प्रयास कर रही पुलिस
टीएसआई नीरज शर्मा ने बताया कि यात्रा के दबाव को देखते हुए सभी चौराहों पर पीआरडी और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि अचानक वाहनों की संख्या बढ़ने से कभी-कभी यातायात संचालन में दिक्कतें आती हैं, लेकिन पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने का लगातार प्रयास कर रही है।