देवी रोड सहित अन्य सड़कों पर बिगड़ रही स्थिति
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अब इसे सिस्टम की लापरवाही कहें या रसूखदारों की पकड़, जिन शापिंग कांप्लेक्स को बनाने से पूर्व पार्किंग की व्यवस्था की जानी चाहिए, वहां एक मोटर साइकिल खड़ा करने तक की जगह नहीं बनाई गई है। नतीजा, इन शापिंग कांप्लेक्स में खरीददारी करने के लिए पहुंचने वाले ग्राहक सड़क पर ही अपने वाहन खड़ा कर देते हैं। जिससे मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहनों को पर्याप्त मार्ग नहीं मिल पाता और जाम की स्थिति बनी रहती है। यह स्थिति शाम के समय और अधिक विकराल हो जाती है। चौंकाने वाली बात तो यह है कि शहरवासियों की शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम ने कभी इस ओर झांककर भी नहीं देखा।
नियमानुसार, किसी भी शापिंग कांप्लेक्स, मॉल व बड़े रेस्टोरेंट में पार्किंग की व्यवस्था होनी आवश्यक है। लेकिन, कोटद्वार शहर में ऐसा कुछ भी नजर नहीं आ रहा। बात देवी रोड की हो तो यहां पिछले पांच वर्षों से लगातार कामर्शियल कांप्लेक्स, मॉल व रेस्टोरेंट का निर्माण हो रहा है। पहले ही अतिक्रमण की मार झेल रही सड़क किनारे खुले इन व्यवसायिक भवनों ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण अधिकांश ग्राहक सड़क पर ही अपने वाहन खड़ा कर देते हैं। सबसे बुरी स्थिति लालबत्ती चौराहे से देवी मंदिर के मध्य रहती है।
शादी सीजन में बिगड़ी व्यवस्था
त्योहार व शादी सीजन में प्रतिदिन सैकड़ों लोग बाजार में खरीददारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। शाम के समय बाजार में सबसे अधिक भीड़ उमड़ी रहती है। ऐसे में शापिंग कांप्लेक्स के बाहर खड़े वाहन यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। सड़क पर कब दुर्घटना हो जाए, कहा नहीं जा सकता। पिछले एक सप्ताह से शाम के समय देवी रोड पूरी तरह घंटों के लिए जाम हो रहा है। बावजूद मौके पर कोई पुलिस अथवा होमगार्ड कर्मी तक नजर नहीं आते।