अल्मोड़ा। ऊर्जा प्रदेश में ही बिजली महंगी होने पर आम आदमी पार्टी(आप) कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। उन्होंने तंज कसा कि पर्वतीय प्रदेशों से बिजली खरीदकर अन्य राज्य अपने यहां सस्ती दर पर दे रहे। मगर उत्तराखंड में कीमत बढ़ाकर आमजन का शोषण किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि व्यापारी वर्ग पहले ही लॉकडाउन व कोरोना के कारण आर्थिक मंदी के साथ ही जीएसटी की मार झेल रहा है। अब बिजली की व्यावसायिक दरें बढ़ने से वह बेहाल है। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली की दरों में वृद्धि के खिलाफ मंगलवार को चौघानपाटा में प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी ने कहा कि दिल्ली में लोगों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। जिस उत्तराखंड में विद्युत उत्पादन होता है, वहां महंगे में दिया जाना अन्याय है। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर आमजन के हितों से खिलवाड़ का आरोप लगाया। कहा कि आप बुधवार से पूरे प्रदेश में बिजली बिल आहूति अभियान चलाएगी। कार्यकर्ता बिल जला कर विरोध जताएंगे। नौ को सभी जिलों में प्रदर्शन व 11 जुलाई को मंत्रियों व विधायकों के आवासों का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर फड़ एसोसिएशन अध्यक्ष नवीन चंद्र आर्या, मनोज गुप्ता, भुवन जोशी, आनंद सिंह बिष्ट, रोहित सिंह, नीरज सिंह, सौरभ पांडे, नंदन लाल साह, हिमांशु जोशी, अरुंदय तिवारी, भूपेंद्र अधिकारी आदि मौजूद रहे।
सामेश्वर में भी प्रदर्शन: आम आदमी पार्टी के संगठन मंत्री अंशुल राणा के नेतृत्व में महंगी बिजली के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राज्य सरकार से दरें घटाने की मांग की। इस दौरान चंदन बिष्ट, नंदन राणा, वासुदेव बोरा, संतोष जोशी मौजूद रहे।