जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। भाजयुमो ने श्रीनगर पालिका क्षेत्र में पेयजल कनेक्शनों पर लगाए गए मीटरों को हटाए जाने की मांग की है। इस संबंध में भाजयुमो के प्रदेश मंत्री सुधीर जोशी ने पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल को ज्ञापन सौंपा। जोशी ने कहा कि पेयजल मीटर गलत रीडिंग दे रहे हैं। जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शनिवार को जनपद मुख्यालय पहुंचे पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल से भाजयुमो कार्यकत्र्ताओं ने श्रीनगर में पेयजल कनेक्शनों में लगे मीटरों के संबंध में वार्ता की। युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री सुधीर जोशी ने कहा कि वर्ष 2017 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने श्रीनगर में पेयजल कनेक्शनों पर मीटर लगाए थे। पूरे प्रदेश में पेयजल कनेक्शनों पर श्रीनगर सहित कुमाऊं मंडल के एक अन्य शहर में परीक्षण के तौर पर मीटर लगाए गए थे। पेयजल कनेक्शनों पर मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिलों में बेहताशा वृद्धि हुई है। अक्सर मीटरों पर गलत रीडिंग आने की शिकायतें भी विभाग से की जाती रहीं हैं, लेकिन विभाग से कोई कार्यवाही नहीं होती है। जोशी ने कहा कि पेयजल कनेक्शनों पर मीटर लगाए जाने का प्रयोग सफल नहीं रहा है। भाजयुमो कार्यकत्र्ताओं ने पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल को ज्ञापन सौंप पेयजल कनेक्शन से मीटर हटाए जाने की मांग की है। बिशन सिंह चुुफाल ने कार्यकत्र्ताओं को सकारात्मक आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में पालिका सभासद विनीत पोश्ती, कीर्ति नेगी, अर्शि कुरेशी आदि शामिल थे।