पेयजल निगम के एई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Spread the love

बागेश्वर। पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के सहायक अभियंता अपने आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। गुरुवार सांय करीब तीन बजे कोतवाली पुलिस को पेयजल निगम कार्यालय से आए फोन पर बताया गया कि सहायक अभियंता हेम चंद्र बेलवाल पुत्र स्व. जय किशन बेलवाल अपने आवास में काफी समय से बंद हैं और दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। कोतवाल डीआर वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पेयजल निगम कार्यालय परिसर स्थित सहायक अभियंता के आवास का मुख्य दरवाजा तोड़ा। जब पुलिस कमरे के अंदर पहुंची तो सहायक अभियंता अपने कमरे में कुर्सी पर अचेत अवस्था में थे और उनकी नाक से खून निकल रहा था। कुर्सी पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पूरे घर की जांच की। जरूरी सामान भी मृतक के आसपास से इकठ्ठा किया, जिसको बाद में फारेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम के लिए शव पुलिस जिला अस्पताल ले गई है। कार्यालय के उनके सहयोगियों ने बताया कि सहायक अभियंता हेम चंद्र निवासी मगलार, रामनगर जिला नैनीताल बीते 30 मार्च को होली की छुट्टी के बाद लौटे थे। गुरुवार सुबह जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो उसके बाद शक हुआ। मृतक की पत्नी सुनीता बेलवाल को घटना की सूचना दे दी गई है। होली से पहले उनकी पत्नी भी उनके साथ ही रहती थी। होली के बाद वह यहां नहीं आईं। मृतक की एक लड़की है जो देहरादून पढ़ती है। एसपी बागेश्वर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *