सामूहिक भोज के साथ फूलदेई महोत्सव संपंन

Spread the love

रुद्रपयाग : जनपद में बीते एक सप्ताह से चल रहा बच्चों का फूलदेई उत्सव सामूहिक भोज के साथ संपन्न हो गया। इससे पहले सुबह बच्चों ने रोज की तरह लोगों के घरों की देहरियों पर फूल डाले जबकि घोघा डोली के साथ नृत्य किया। इस दौरान लोगों ने बच्चों को दाल, चावल, गुड़ और पैसे दिए। सामूहिक भोज को लेकर बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। मुख्यालय के साथ ही जनपद के सभी इलाकों में बीते 14 मार्च से शुरू हुए फूलदेई उत्सव का गुरुवार को विधिवत समापन हो गया है। करीब एक सप्ताह तक बच्चों ने फ्यूंली, बुरांश, गुलाब,पंय्या सहित कई प्रकार के फूलों को एकत्रित किया। सुबह सबेरे उठकर बच्चों ने बसंत के गीतों के साथ मठ-मंदिर एवं घरों की देहरियों पर फूल डाले। इसके बाद फुलारी टोलियों ने घरों से खाद्य सामग्री एकत्रित कर सामूहिक भोज तैयार किया। जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। केदारघाटी में बच्चों ने डोली में रखी घोघा देवता भोगमूर्ति एवं निचले क्षेत्रों में पत्थरों पर बनी मूर्ति की विशेष पूजा अर्चना की। इस दौरान नर रूप में देवता भी प्रकट होकर बच्चों को अपना आशीर्वाद दिया। इस दौरान बच्चों ने घोघा देवता की डोली को खूब नचाया। घोघा देवता को भोग लगाने के बाद बच्चों ने इस भोज को प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। बंसत के उल्लास को घर-घर बांटने की यह अपने आप में एक अनूठी परंपरा है। कई स्थानों पर तो पूरे गांव में सामूहिक भोज बनाकर इसे प्रसाद के रुप में खाने की भी परंपरा निभाई जा रही है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *