पिपलिया गोलीकांड के आरोपी अविनाश का सरेंडर

Spread the love

काशीपुर। बहुचर्चित पिपलिया गोलीकांड मामले में मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता अविनाश शर्मा और नीरज सोनी ने शुक्रवार सुबह दोराहा पुलिस चौकी में सरेंडर कर दिया। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद पुलिस अपने साथ रुद्रपुर एसएसपी कार्यालय ले गयी। शुक्रवार सुबह 6़50 बजे पिपलिया गोलीकांड के आरोपी अविनाश शर्मा निजी कार से अपने अधिवक्ता सतपाल सिंह, सुरेंद्र शर्मा और विजय गर्ग के साथ दोराहा चौकी पहुंचे। उनके साथ घटना का एक अन्य आरोपी नीरज सोनी भी था। दोनों आरोपियों ने कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी के सामने सरेंडर कर दिया। यहां से दोनों आरोपियों को लेकर पुलिस टीम सीधे कोतवाली पहुंची। यहां एक बंद कमरे में एसपी काशीपुर और सीओ बाजपुर ने दोनों से घंटों पूछताछ की। बाद में दोनों को साथ लेकर पुलिस घटनास्थल पर भी पहुंची। दोपहर बाद पुलिस टीम शर्मा और सोनी को रुद्रपुर एसएसपी कार्यालय ले गयी। बताया जा रहा है कि वहां भी दोनों आरोपियों से पूछताछ की जायेगी।
उधर, शर्मा के सरेंडर की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य समर्थक कोतवाली के बाहर जुट गये। इससे कोतवाली के बाहर सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान पुलिस ने कई बार भीड़ को तितर बितर कर जाम खोलने का प्रयास किया, लेकिन जब तक अविनाश शर्मा कोतवाली में मौजूद रहे समर्थक जमा रहे।
गोलीकांड से अविनाश का लेना देना नहींरू अधिवक्ता
बाजपुर। अविनाश शर्मा के अधिवक्ता सतपाल सिंह ने दावा किया है कि इस घटना से अविनाश शर्मा का कोई लेना देना नहीं है। उनका कहना है कि गोलीकांड वाली रात अविनाश शर्मा मौके पर थे ही नहीं। आरोप लगाया कि राजनीतिक साजिश के तहत अविनाश शर्मा को फंसाया जा रहा है। सतपाल ने कहा कि न्यायालय पर भरोसा करते हुए अविनाश शर्मा ने आज बाजपुर पुलिस को अपना सरेंडर कर दिया है। इस दौरान अधिवक्ता सतपाल सिंह ने सरेंडर से पहले अविनाश शर्मा और नीरज सोनी को साथ लेकर एक वीडियो भी वायरल किया। इसमें दोनों को दोराहा पुलिस के पास सरेंडर करने की बात कहते दिख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *