ओडिशा में क्रैश हुआ प्लेन, सभी यात्री और पायलट सुरक्षित

Spread the love

नई दिल्ली ,ओडिशा में भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहा एक छोटा यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 6 यात्री और 1 पायलट शामिल थे। दुर्घटना में सभी लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह इंडिया वन एयर की 9-सीटर फ्लाइट थी, जो राउरकेला की ओर आ रही थी। विमान राउरकेला से करीब 10 से 15 किलोमीटर पहले दुर्घटनाग्रस्त हुआ। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने विमान में सवार सभी यात्रियों और पायलट को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभागों में हलचल मच गई। भुवनेश्वर से पर्यटन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विमान दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल अलर्ट पर हैं। स्थानीय स्तर पर राहत और सुरक्षा के पूरे इंतज़ाम किए गए हैं। इस हादसे में सभी लोगों का सुरक्षित बच निकलना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *