देहरादून()। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर रविवार को मसूरी मंडल में खासा उत्साह देखने को मिला। मंडल के सभी 65 बूथों पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों और बड़ी संख्या में पर्यटकों ने शिरकत की। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देशवासियों को सकारात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के प्रति प्रेरित किया। कुलड़ी बाजार स्थित बूथ संख्या 156 में मंडल उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर सेमवाल ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के दूर-दराज के इलाकों में हो रहे रचनात्मक कार्यों और जनभागीदारी की कहानियों को सामने लाकर समाज में नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी युवाओं और किसानों समेत हर वर्ग को ध्यान में रखकर प्रेरणादायक विचार साझा करते हैं, जिससे हर बार कुछ नया सीखने को मिलता है। भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बताया कि मसूरी के 65 बूथों पर इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि शहर में घूमने आए पर्यटकों ने भी कार्यक्रम में रुककर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। इस मौके पर प्रदीप सिगरोहा, विपिन चौहान, अनुज, शक्ति प्रधान, विजेंद्र मेहर और मनोज समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।