बैंक मैनेजर की पत्नी व परिजनों से पूछताछ कर सकती है पुलिस

Spread the love

काशीपुर। नैनीताल बैंक के शाखा प्रबंधक पर हुए जानलेवा हमले के 48 घंटे बाद भी पुलिस अभी तक हमलावरों तक नहीं पहुंच सकी है। हालांकि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। ये भी जानकारी है कि पुलिस यूपी के संभल में रहने वाली प्रबंधक की पत्नी एवं उनके परिजनों से भी पूछताछ कर सकती है।
मंगलवार देर शाम नैनीताल बैंक की बरहैनी शाखा के प्रबंधक विवेक यादव की कार पर पीटे से दो गोलियां दागी गई थी। इसमें एक गोली प्रबंधक की कमर में जाकर लगी और प्रबंधक विवेक यादव गंभीर घायल हो गये। प्रबंधक के पिता सूबेदार महेशपाल यादव (रि़) ने कोतवाली में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। सूत्र बता रहे हैं पीड़ित के पिता ने पुलिस को तीन व्यक्तियों को शक के दायरे में रखते हुए जांच की मांग की है। ये भी बताया जा रहा है कि पुलिस उनसे पूछताछ कर चुकी है। वहीं अब पुलिस संभल में रहने वाली प्रबंधक की पत्नी और उसके परिजनों से भी पूछताछ कर सकती है। विवेक यादव और उनकी पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने कुछ लोगों को भी पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारी जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रहे हैं।
कार से बरामद की गयी गोली
बाजपुर। जिस जगह पर बैंक प्रबंधक की चलती कार में दो गोलियां मारी गई उस जगह पर पुलिस को एक खाली खोखा बरामद हुआ है। साथ ही प्रबंधक की कार के अंदर से भी पुलिस को एक गोली मिली है। पुलिस ने इन दोनों सबूतों को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिये भी भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *