पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रंस के तहत प्रशांत को मिली 10 लाख की एफडी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रंस योजना के माध्यम से फंड ट्रांसफर किया। जिसके तहत जनपद पौड़ी के बच्चे को भी फंड ट्रांसफर किया गया।
जनपद पौड़ी कलक्ट्रेट एनआईसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की उपस्थित में स्थानीय लाभार्थी प्रशांत कुमार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रंस योजना के तहत फंड ट्रांसफर किया गया। इस दौरान प्रशांत कुमार ने जिलाधिकारी के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को भी सुना। एनआईसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने बताया कि पीएम केयर फंड के माध्यम से जनपद पौड़ी के प्रशांत कुमार को लाभान्वित किया गया है। योजना के माध्यम से बच्चे को 10 लाख की एफडी उपलब्ध कराई गई है। जिसे बच्चा 23 वर्ष पूरा होने के बाद निकाल सकता है। इसके साथ ही बच्चे को अन्य सुविधाएं भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना काल में ऐसे प्रभावित बच्चों की सहायता की जाएगी, साथ उन्हें अन्य विभागीय योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाएगा। कोरोना काल में जिन बच्चों के माता या पिता एक की मृत्यु हुई है, उन्हें 50 हजार तक की आर्थिक सहायता दी गई है। लाभार्थी प्रशांत कुमार ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रंस योजना के माध्यम से ऐसे बच्चों को प्रधानमंत्री द्वारा सशक्त बनाने की कोशिश की जा रही है जो बच्चे कोरोना काल में अपना सब कुछ खो चुके हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ईला गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, भारतेन्दु नेगी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *