सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए डीपीआर तैयार करें

Spread the love

निराश्रित पशुधन के संरक्षण और पुराने पार्कों के जीर्णोद्वार के कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नगर निकायों और विभिन्न क्षेत्रों के एसडीएम के साथ सोमवार को आयोजित बैठक में डीएम ने सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के अफसरो को अपने-अपने क्षेत्रों में कूड़े का बेहतर प्रबंधन करने के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
उपरोक्त दिशा-निर्देश जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगर निकायों और विभिन्न क्षेत्रों के उपजिलाधिकारियों को वर्चुअज माध्यम से आयोजित की गयी समीक्षा बैठक में दिये। उन्होंने ऐसे सभी स्थानों पर जहां तेंदुआ का जोखिम अधिक है उन इलाकों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए प्रस्ताव बनाने को कहा, जिससे मानव और पालतु पशुधन के जानमाल का नुकसान ना हो। नगर निकायों को तथा उपजिलाधिकारियों को निराश्रित पशुधन (गाय) के संरक्षण करने के लिए गौशाला निर्माण से जुड़े अधूरे कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निराश्रित पशुधन कहीं पर भी आवारा घूमता ना छोड़ें। साथ ही जिन गौशालाओं में पशुधन रखा गया है वह ठंड से सुरक्षित रहे, भूखा-प्यासा ना रहे इसकी भी लगातार निगरानी करते रहें। जिलाधिकारी ने सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में पॉलिथीन उन्मूलन का भी लगातार अभियान चलाते रहने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शहरों में जितने भी पूर्व में पार्क बनायें गये थे यदि उनके जीर्णोद्धार सौन्दर्यीकरण या विस्तार की आवश्यकता हो तो उस संबंध में भी प्रस्ताव बनायें। इस दौरान वर्चुअल बैठक में नगर आयुक्त नगर निगम कोटद्वार वैभव गुप्ता, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नुपूर वर्मा, सहित संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी व अधिशासी अधिकारी वर्चुअल बैठक से जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *