श्रीनगर गढ़वाल : कोतवाली कीर्तिनगर परिसर में पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कीर्तिनगर के चिकित्सकों की टीम ने शिविर में पुलिस कर्मियों और उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग और पर्याप्त नींद के महत्व की जानकारी दी। साथ ही शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। (एजेंसी)