चंडीगढ़। पंजाब के फिरोजपुर में रैली करने के लिए आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी को सुरक्षा में चूक के कारण वापस लौटना पड़ा। पीएम की सुरक्षा में चूक के बाद देशभर में राजनीति गरमा गई है। गृह मंत्रालय ने भी पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। इस संबंध में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने गृह विभाग देख रहे उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ बैठक की है। इस बीच, पंजाब सरकार ने फिरोजपुर के एसएसपी को सस्पेंड कर दिया है। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मुझे खेद है कि पीएम मोदी को आज फिरोजपुर जिले के दौरे के दौरान वापस लौटना पड़ा। हम अपने पीएम का सम्मान करते हैं। साथ ही चन्नी ने कहा कि पीएम को पंजाब में कोई खतरा नहीं था। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। किसान शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे थे।
चन्नी ने कहा कि अगर आज पीएम मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा में कोई चूक हुई है तो हम जांच कराएंगे। सीएम ने कहा कि हमने उनसे (पीएमओ) खराब मौसम की स्थिति और विरोध के कारण यात्रा बंद करने के लिए कहा था। हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले की अचानक मार्ग परिवर्तन करने की कोई सूचना नहीं थी। पीएम के दौरे के दौरान सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई।
सीएम चन्नी ने कहा कि उन्हें भी फिरोजपुर में पीजीआइ के सैटेलाइट सेंटर के शिलान्यास मौके पर जाना था, लेकिन मेरे स्टाफ के सदस्यों के कोविड पाजीटिव आने के कारण मैं नहीं जा पाया। उन्होंने कहा कि वैसे यह गर्व का क्षण होता है जब आप पीएम के कार्यक्रम में जाते हैं। सीएम ने कहा कि केंद्र की एजेंसियों की टीमों के साथ मिलकर पंजाब पुलिस ने किसानों को मार्ग से हटा दिया गया था। केंद्र की एजेंसियां हर चीजों को मानीटर कर रही थी। चन्नी ने कहा कि पीएम कार्यालय से जो कार्यक्रम आया था उसमें पंजाब सरकार की ओर से कोई हस्तक्षेप नहीं था।