ल्वाली झील के चैकडेम की गुणवत्ता पर उठाए सवाल

Spread the love

 

बीडीसी बैठक में छाई रही मूलभूत समस्याएं
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : ब्लॉक पौड़ी की बीडीसी बैठक में बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि के मुद्दे छाए रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पूर्व में भी बीडीसी बैठक में मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे उठा चुके है, लेकिन समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है।
शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष कमल रावत ने बहुचर्चित ल्वाली झील के चैकडेम की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। कहा कि करीब 11 करोड़ की राशि खर्च करने के बाद भी झील का निर्माण कार्य अधर में लटका है। उन्होंने डीएम की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति के गठन की मांग उठाई। डांग की प्रधान सुषमा देवी ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत ग्राम सभा में बीते तीन सालों से पानी नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि पेयजल विभाग से कई बार की शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। जन प्रतिनिधियों ने ब्लॉक के विभिन्न गांवों में जर्जर मोटर मार्गों के डामरीकरण व सुधारीकरण की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों व बंदरों से खेतों को नुकसान पहुंच रहा है। जिसके लिए उन्होंने प्रशासन से ठोस योजना तैयार करने को कहा। ब्लाक प्रमुख दीपक कुकशाल ने अफसरों को जनप्रतिनिधियों की समस्याएं प्रमुखता के साथ हल करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम प्रधान संगीता देवी, उर्मिला देवी, राम स्वरूप, सुमन कुमार, कनिष्ठ प्रमुख शांति देवी, बीडीओ नवीन चंद्र उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *