बिग ब्रेकिंग

ट्रेन दुर्घटना को लेकर राहुल ने मांगा रेल मंत्री का इस्तीफा, टीएमसी का भी निशाना

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

 

नई दिल्ली/बालासोर, एजेंसी। ओडिशा के बालासोर के बहनागा बाजार में शुक्रवार को हुए रेल हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 288 तक पहुंच गई है। 1175 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया, इनमें से 793 को छुट्टी दे दी गई और 382 का इलाज चल रहा है। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख, गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओडिशा के बालासोर में हुए हादसे को लेकर रेल मंत्री का इस्तीफा मांगा है। उन्होंने रविवार को एक ट्वीट में कहा, “270+ मौतों के बाद भी कोई जवाबदेही नहीं! मोदी सरकार इतनी दर्दनाक दुर्घटना की ज़िम्मेदारी लेने से भाग नहीं सकती। प्रधानमंत्री को फ़ौरन रेल मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए!”
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय स्वास्थ्य-परिवार कल्याण मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया के साथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने श्रीराम चंद्र भंज मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने भर्ती मरीज़ों से बातचीत की और चिकित्सकों के साथ भी परिस्थिति पर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रेल हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत गंभीर और दुखद घटना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है और रेलवे मंत्री ने जांच के आदेश भी दिए हैं। ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। दोषियों पर कार्रवाई ज़रूर होगी।
बालासोर दुर्घटना पर एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी दुर्घटना है। बहाली का कार्य शुरू हो गया है। हमारी प्रतिक्रिया शीघ्र और प्रभावी थी। स्थानीय लोगों ने बहुत अच्छा काम किया है। हमारी पहली टीम लगभग 8 बजे के पास यहां पहुंच गई थी। हमारे 300 बचावकर्मी लगे हुए हैं…बचाव कार्य लगभग पूरा हो गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बालासोर ट्रेन हादसे पर चर्चा के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ बैठक की।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 5-5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि यह सहायता राशि केंद्र की ओर से की गई मदद के अलावा दी जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बालासोर ट्रेन हादसे पर चर्चा के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ बैठक की।
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बताया कि हमें इसका बहुत दुख है। इस घटना में लापरवाही हुई है। इस घटना ने रेलवे के दावे फेल कर दिए। इसकी जिम्मेवारी तय होनी चाहिए। जल्द से जल्द जांच होनी चाहिए। इस घटना में बिहार के कई लोग घायल हुए हैं। सारी जानकारी ली जा रही है उसके बाद बिहार सरकार निर्णय लेगी।
बालासोर ट्रेन दुर्घटनास्थल पर ट्रैक ठीक करने का काम जारी है। शाम तक 2 लाइनें बहाल होने की संभावना है। बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। मैं सभी के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। हमारी सरकार हर तरफ से काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद वहां जाकर देखा है।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने ओडिशा में शुक्रवार को हुए भीषण रेल हादसे को लेकर रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रेलवे और संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी जैसे बड़े मंत्रालयों को एक मंत्री नहीं संभाल सकता, जैसा कि अश्विनी वैष्णव कर रहे हैं। सिब्बल ने एक ट्वीट में कहा कि अश्विनी वैष्णव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री और रेल मंत्री। रेल बजट नहीं। कोई जवाबदेही नहीं। इतने बड़े मंत्रालयों को एक मंत्री नहीं संभाल सकता। बुलेट ट्रेन। वंदे भारत। खास लोगों को सुविधाएं दो, आम जनों को छोड़ दो! आपदा को दावत देने का तरीका!
रेलवे बोर्ड ने प्रेस कॉन्फेंस कर मामले की जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि प्रारंभिक जांच में सिग्नल के साथ कुछ समस्या पाई गई है। आगे की जांच जारी है। दो लूप लाइनों पर मालगाड़ी खड़ी थी। कोरोमंडल एक्सप्रेस की रफ्तार 128 किमी प्रति घंटा थी। यशवंतपुर एक्सप्रेस ट्रेन भी 126 किमी. की स्पीड से आ रही थी। इस दौरान कोरोमंडल एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकरा गई। मालगाड़ी में लोहा लदा हुआ था। इस वजह से मालगाड़ी के डिब्बे अपनी जगह से हिले भी नहीं और यही कारण है कि कोरोमंडल एक्सप्रेस के यात्रियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। इस दौरान यशवंतपुर एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। टक्कर के बाद पटरी से उतरे कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे यशवंतपुर एक्सप्रेस के पीछे के दो डिब्बों से टकरा गए। इस वजह से यशवंतपुर एक्सप्रेस के डिब्बे भी पटरी से उतर गए।
रेल मंत्री ने डॉक्टरों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भद्रक के सरकारी अस्पताल में करीब-करीब सभी मरीजों की अपने परिवार से बातचीत हो चुकी है। मैं भद्रक मेडिकल के सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों का धन्यवाद देना चाहूंगा। उन्होंने मरीजों की बहुत अच्छे से सेवा की है।
पटनायक ने पीएम को ताजा स्थिति के बारे में बताया
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की और उन्हें ट्रेन दुर्घटना की ताजा स्थिति खासकर घायल यात्रियों के इलाज के बारे में जानकारी दी। ताजा स्थिति का ब्यौरा देते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न अस्पतालों में 1175 मरीज भर्ती हुए, जिनमें से 793 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर घायल मरीजों की हालत स्थिर है। वर्तमान में 382 यात्रियों का विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री ने संकट के दौरान त्वरित और कुशल कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री और ओडिशा सरकार को धन्यवाद दिया।
डाउन लाइन को ठीक कर लिया गया
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि डाउन लाइन को ठीक कर लिया गया है। दोपहर 12 बजकर पांच मिनट से इस पर परिचालन शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!