नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के भीतर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच वर्चस्व की लड़ाई का दावा सियासी गलियारों में बीते कुछ वर्षों से लगातार की जा रही है। किशोरी लाल शर्मा को लोकसभा चुनाव के लिए अमेठी से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद इन अटकलों को फिर हवा मिल गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके कैंप ने उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और बहनोई रॉबर्ट वड्रा को हाशिये पर ढकेल दिया है।भाजपा नेता अमित मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी कैंप ने यूपी में लोकप्रियता का दावा करने के बाद भी रॉबर्ट वाड्रा को अमेठी सीट के लिए नजरअंदाज कर दिया। अमित मालवीय ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा जल्द ही कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर सकती हैं। मालवीय ने सुबह-सुबह एक्स पर लिखा, “रॉबर्ट वाड्रा के लिए एक मिनट का समय दीजिए, जिन्हें अमेठी में अपार लोकप्रियता का दावा करने के बावजूद इस सीट के लिए नजरअंदाज कर दिया। यह स्पष्ट है कि राहुल गांधी खेमा कांग्रेस में प्रियंका वाड्रा और उनके पति दोनों को व्यवस्थित रूप से हाशिए पर डाल रहा है।”
रॉबर्ट वाड्रा ने क्या कहा था?
पिछले महीने रॉबर्ट वाड्रा ने दावा किया था कि वह अमेठी में लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि देश चाहता है कि वह सक्रिय राजनीति में रहें। समाचार एजेंसी एएनआई ने वाड्रा के हवाले से कहा था, “जहां तक सक्रिय राजनीति में मेरी भूमिका का सवाल है, जब मैंने लोगों के लिए काम किया है तो उन्होंने मुझे हमेशा मजबूत किया है। देश चाहता है कि मैं सक्रिय राजनीति में रहूं। अगर कांग्रेस पार्टी को लगता है कि मैं बदलाव ला सकता हूं, तो मैं करूंगा। लोग चाहते हैं कि मैं सक्रिय राजनीति में आऊं। यह जरूरी नहीं है कि मैं अमेठी से चुनाव लड़ूंगा, मैं मुरादाबाद और हरियाणा से भी चुनाव लड़ सकता हूं।”
रॉबर्ट वाड्रा की टिप्पणी से अटकलें शुरू हो गई थीं कि वह कांग्रेस पार्टी के गढ़ रहे अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। सोनिया गांधी के सीट छोड़ने के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी। राहुल गांधी ने लोकसभा में तीन बार अमेठी का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि, 2019 में वह बीजेपी की स्मृति ईरानी से सीट हार गए। राहुल गांधी ने कांग्रेस के एक अन्य गढ़ रायबरेली से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है, जिसे उनकी मां सोनिया गांधी ने खाली किया था।
‘प्रियंका गांधी के खिलाफ साजिश’
पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने दावा किया कि प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने एएनआई से कहा, “राहुल गांधी अगर अमेठी से चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे तो उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ना चाहिए था।”