बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन, आमजन की बढ़ी दुश्वारियां

Spread the love

-मंगलवार शाम से लगातार जारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त
-बाजार दिखे सूने, जगह-जगह कीचड़ होने से आवाजाही में भी हुई परेशानी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मंगलवार शाम से लगातार जारी बारिश के कारण कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है। जिससे आमजन को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को दिनभर रिमझिम बारिश जारी रही, जिससे ठंड बढ़ने के साथ लोग घरों में कैद होने को मजबूर हुए। इसके अलावा बारिश के कारण जगह-जगह कीचड़़ होने के कारण भी लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
सोमवार को धूप खिलने के साथ मौसम भी सुहावना हो गया था। इसके साथ ही तापमान में भी इजाफा होने लगा था। हालांकि मंगलवार को शाम होते-होते आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया और करीब सात बजे रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इस बारिश का दौर पूरी रात जारी रहा और बुधवार को भी सुबह से ही बादल बरसने शुरू हो गए थे। बुधवार को दिनभर सूर्य देव के दर्शन न होने के कारण आमजन को ठंड से जूझना पड़ा। इसके साथ ही सोमवार के मुकाबले तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं और शनिवार से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *